Saturday, May 9, 2009

खुद को वोट नहीं दे पाए वोट मांगने वाले

इसे परिसीमन के कारण दिल्ली के लोकसभा क्षेत्रों का भूगोल बदलने का परिणाम कहें या निवास स्थान वाले क्षेत्र में वोट देने की बाध्यता, राजधानी की जनता से वोट मांगने वाले कई प्रत्याशी खुद को वोट नहीं दे सके। साथ ही अपने परिवार के सदस्यों का भी मत इन्हें नहीं मिला। इनमें कांग्रेस और भाजपा, दोनों दलों के उम्मीदवार शामिल हैं। नई दिल्ली क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे दोनों प्रमुख उम्मीदवार अपने लिए वोट नहीं डाल पाए, लेकिन दोनों के लिए कई प्रमुख हस्तियों ने वोट डाले। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में मतदान किया, लेकिन वह भी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में वोट नहीं डाल पाईं थीं।
शुरुआत उत्तर-पश्चिम संसदीय क्षेत्र से करें। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी कृष्णा तीरथ करोलबाग क्षेत्र में रहती हैं और भाजपा उम्मीदवार मीरा कांवरिया हरि नगर में। कृष्णा तीरथ ने नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र में वोट डाला तो मीरा कांवरिया वोट डालने के लिए पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र पहुंची। चांदनी चौक से भाजपा उम्मीदवार विजेन्द्र गुप्ता भी अपना वोट डालने के लिए रोहिणी में आए जो उत्तर-पश्चिमी संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। नई दिल्ली से भाग्य आजमाने उतरे भाजपा के ही विजय गोयल ने चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले रूप नगर में मताधिकार का प्रयोग किया। उत्तर-पूर्वी संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बीएल शर्मा प्रेम भी अपने लिए वोट नहीं डाल पाए। शर्मा ने नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाली बटुकेश्वर दत्त कॉलोनी में वोट डाला। इसी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार जय प्रकाश अग्रवाल वोट डालने के लिए चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र में आए। हां, भाजपा के चेतन चौहान, जगदीश मुखी एवं रमेश विधूड़ी तथा कांग्रेस के महाबल मिश्रा इस मामले में सौभाग्यशाली रहे। उन्होंने खुद अपना वोट डाला। पूर्वी दिल्ली से भाग्य आजमा रहे कांग्रेस के संदीप दीक्षित भी वोट डालने के लिए नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र में गए तो कपिल सिब्बल को भी वोट डालने नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र में जाना पड़ा। नई दिल्ली से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के अजय माकन ने पश्चिमी दिल्ली के तहत आने वाले राजौरी गार्डन में मताधिकार का इस्तेमाल किया तो दक्षिणी दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार रमेश कुमार ने पश्चिमी दिल्ली के तहत आने वाले पश्चिम पुरी इलाके में अपने भाई सांसद सज्जन कुमार के साथ मतदान किया।

No comments: