Tuesday, March 31, 2009

संसद भवन का इतिहास




दुनिया के सबसे बड़े संसदीय लोकतंत्र का मंदिर है संसद भवन। आम चुनाव की रणभेरी बजने के साथ ही सबकी निगाह इस इमारत पर टिकी हुई हैं। आइए डालते हैं एक नजर इसके इतिहास पर-

नई दिल्ली स्थित संसद भवन स्थापत्य का अद्भुत नमूना है। इस भव्य भवन का डिजाइन मशहूर वास्तुविद ल्यूटियंस ने तैयार किया था और सर हर्बर्ट बेकर के निरीक्षण में निर्माण कार्य संपन्न हुआ था। खंभों तथा गोलाकार बरामदों से निर्मित यह भवन पुर्तगाली स्थापत्यकला का असाधारण नमूना है। गोलाकार गलियारों के कारण इसको शुरू में 'सर्कुलर हाउस' कहा जाता था।
संसद भवन का निर्माण कार्य छह वर्षो तक चला था। इसका शिलान्यास 12 फरवरी 1921 को ड्यूक आफ कनाट ने किया था, जबकि उद्घाटन तत्कालीन वायसराय लार्ड इरविन ने 18 जनवरी 1927 को किया था। संपूर्ण भवन के निर्माण कार्य में कुल 83 लाख रुपये की लागत आई थी।
गोलाकार आवृत्ति में निर्मित संसद भवन का व्यास 170.69 मीटर का है तथा इसकी परिधि आधा किलोमीटर से अधिक (536.33 मीटर) है, जो करीब छह एकड़ में फैला है। संसद भवन के पहले तल का गलियारा 144 मजबूत खंभों पर टिका है। प्रत्येक खंभे की लंबाई 27 फीट (8.23 मीटर) है। बाहरी दीवार ज्यामितीय ढंग से बनी है तथा इसके बीच में मुगलकालीन जालियां लगी हैं। संसद भवन में 12 द्वार हैं, जिनमें गेट नंबर 1 मुख्य द्वार है।
संसद भवन के निर्माण में भारतीय शैली के भी स्पष्ट दर्शन मिलते हैं। प्राचीन भारतीय स्मारकों की तरह दीवारों तथा खिड़कियों पर छज्जों का इस्तेमाल किया गया है। इसी तरह संगमरमर की जालियों का उपयोग किया गया है।
संसद भवन देश की सर्वोच्च विधि निर्मात्री संस्था है। इसके प्रमुख रूप से तीन भाग हैं: लोकसभा, राज्यसभा और केंद्रीय कक्ष।

[लोकसभा]
लोकसभा कक्ष अर्धवृत्ताकार है। यह करीब 48,00 वर्ग फीट में स्थित है। इसके व्यास के मध्य में ऊंचे स्थान पर स्पीकर की कुर्सी स्थित है। लोकसभा के अध्यक्ष को स्पीकर कहा जाता है। सर रिचर्ड बेकर ने वास्तुकला का सुंदर नमूना पेश करते हुए काष्ठ से सदन की दीवारों तथा सीटों का डिजाइन तैयार किया था। स्पीकर की कुर्सी के विपरीत दिशा में पहली भारतीय विधायी सभा के अध्यक्ष विटठ्ल भाई पटेल का चित्र स्थित है।
अध्यक्ष की कुर्सी के नीचे की ओर पीठासीन अधिकारी की कुर्सी होती है जिस पर महासचिव बैठते हैं। इसके पटल पर सदन में होने वाली कार्यवाई का ब्यौरा लिखा जाता है। मंत्री और सदन के अधिकारी भी अपनी रिपोर्ट सदन के पटल पर रखते हैं। पटल के एक ओर सरकारी पत्रकार बैठते हैं।
सदन में 550 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था है। सीटें 6 भागों में विभाजित हैं। प्रत्येक भाग में 11 पंक्तियां हैं। दाहिनी तरफ 1 तथा बायीं तरफ के 6 भाग में 97 सीटें हैं। बाकी के चार भागों में से प्रत्येक में 89 सीटें हैं। स्पीकर की कुर्सी के दाहिनी ओर सत्ता पक्ष के सांसद बैठते हैं और बायीं ओर विपक्ष के सांसद बैठते हैं। डिप्टी स्पीकर बायीं ओर की पहली पंक्ति में बैठते हैं। कक्ष के चारों ओर 35 डिजाइन रेखांकित हैं। यह अविभाजित भारत के राज्यों, डोमिनियन तथा अन्य ब्रिटिश क्षेत्रों का नमूना पेश करता है।
[दर्शक दीर्घा]
सदन के पहले तल पर कई गैलरियां बनाई गई हैं। प्रेस गैलरी अध्यक्ष की कुर्सी के ऊपर होती है। दर्शक दीर्घा, प्रेस दीर्घा के ठीक सामने की ओर होती है। प्रेस गैलरी के बायीं ओर स्पीकर गैलरी, राज्य सभा गैलरी तथा विशेष गैलरी होती है। प्रेस दीर्घा के दाहिनी ओर कूटनीतिक और गण्यमान्य व्यक्तियों की गैलरी होती है।
[ध्वनि प्रबंधन]
लोकसभा में माइक्रोफोन प्रणाली की समुचित व्यवस्था है। प्रत्येक सीट पर एक संवेदनशील माइक्रोफोन लगाया गया है। कुछ चुनिंदा स्थानों पर बेंच के नीचे की ओर शक्तिशाली माइक्रोफोन लगाए गए हैं। इसके अलावा बेंच के पीछे की ओर लाउडस्पीकर लगाए गए हैं। गलियारों में कुछ छोटे प्रकार के लाउडस्पीकर भी लगाए गए हैं।
[भाषा का चयन]
सदन की कार्यवाही का अनुवाद अंग्रेजी और हिन्दी में बारी-बारी से होता रहता है। असम, कन्नड़, मलयालम, मणिपुरी, मराठी, उडि़या, पंजाबी, संस्कृत, तमिल और तेलुगु आदि भाषाओं का भी अंग्रेजी और हिंदी में अनुवाद होता रहता है। जिस भी सदस्य को इनमें से किसी भाषा में बोलना होता है, उसको पीठासीन अधिकारी को पहले से सूचित करना पड़ता है। अनुवाद केवल हिंदी और अंग्रेजी में ही होता है।
[मतदान प्रक्रिया]
सदन में स्वचालित मतदान तंत्र है। सभी सदस्य अपनी सीट से ही बटन दबाकर मतदान कर सकते हैं। स्पीकर की अनुमति से महासचिव मतदान प्रक्रिया की शुरुआत करता है। इसके पटल पर एक बटन होता है जिसको दबाने से मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाती है। प्रत्येक संसद सदस्य हरा, लाल और पीला बटन दबाकर मतदान करता है। इनका मतलब क्रमश: हां, नहीं और अनुपस्थित होना है।
[राज्यसभा]
इसको उच्च सदन कहा जाता है। इसमें सदस्यों की संख्या 250 तक हो सकती है। उप राष्ट्रपति राज्यसभा के पदेन सभापति होते हैं। राज्यसभा के सदस्यों का चुनाव प्रत्यक्ष मतदान के जरिए नहीं, बल्कि राज्यों की विधानसभाओं के द्वारा होता है। यह स्थायी सदन है। यह कभी भंग नहीं होता। इस सदन की सारी कार्यप्रणाली का संचालन भी लोकसभा की तरह होता है।
दर्शक दीर्घा, विशिष्ट अतिथि गैलरी, सभापति गैलरी, प्रेस गैलरी लोकसभा की तरह पहले तल पर स्थित होती है। इसमें भी ध्वनि उपकरण, भाषा अनुवाद, मतदान प्रक्रिया की व्यवस्था है।
[केंद्रीय कक्ष]
यह गोलाकार है। इसके गुंबद का व्यास 98 फीट (29.87 मीटर) है। यह विश्व के सबसे महत्वपूर्ण गुंबदों में से एक है। केंद्रीय कक्ष का इतिहास में विशेष महत्व है। 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों से भारतीय हाथों में सत्ता हस्तांतरण इसी कक्ष में हुआ था। भारतीय संविधान का प्रारूप भी इसी कक्ष में तैयार किया गया था।
आजादी से पहले केंद्रीय कक्ष का उपयोग केंद्रीय विधायिका और राज्यों की परिषदों के द्वारा पुस्तकालय के तौर पर किया जाता था। 1946 में इसका स्वरूप बदल दिया गया और यहां संविधान सभा की बैठकें होने लगी। यह बैठकें 9 दिसम्बर 1946 से 24 जनवरी 1950 तक हुई।
वर्तमान में केंद्रीय कक्ष का उपयोग दोनों सदनों की संयुक्त बैठकों के लिए होता है, जिसको राष्ट्रपति संबोधित करते हैं। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के भाषण भी इसी कक्ष में आयोजित किए जाते हैं। इस कक्ष के बीच में महात्मा गांधी का चित्र लगा है। इसको प्रसिद्व चित्रकार सर ओसवाल्ड बिरले ने बनाया था। यह चित्र संविधान सभा के सदस्य ए.पी. पाटनी ने राष्ट्र को समर्पित किया था। कक्ष की दीवारों पर 12 प्रतीक चिन्ह अविभाजित भारत के बारह राज्यों के बारे में बताते हैं। महान नेताओं तथा राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्र भी दीवारों पर अंकित हैं।
[एनेक्सी]
एनेक्सी या संसदीय सौध की स्थापना 24 अक्टूबर 1975 को की गई थी। यह भवन प्राचीन और आधुनिक संस्कृति का अनोखा मिश्रण है। इसके निर्माण में मोजेक जाली का प्रयोग किया गया है। इस शैली का इस्तेमाल बौद्व चैत्यों से प्रभावित है। यह भवन 9.8 एकड़ (3.85 हेक्टेयर) भूमि पर निर्मित है जो 35,400 वर्ग मीटर में फैला है।
[लाइब्रेरी]
7 मई 2002 को संसद लाइब्रेरी या संसदीय ज्ञानपीठ का उद्घाटन किया गया। इससे पहले संसद भवन में ही लाइब्रेरी का उपयोग होता था। इस भवन का अधिसंख्य निर्माण ग्लास तथा स्टील से हुआ है।

No comments: